सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

तारकब्रह्म महामन्त्र

कलिजुग केवल नाम अधारा, सुमिरि सुमिरि नर उतरहिं पारा

हरेर्नाम हरेर्नाम हरेर्नामैव केवलम्।
कलौ नास्त्येव नास्त्येव गतिरन्यथा।।
कलियुग में स्वयं कृष्ण ही हरिनाम के रूप में अवतार लेते हैं। केवल हरिनाम से ही सारे जगत का उद्धार संभव है। कलियुग में केवल नामजप से ही मनुष्य की मुक्ति होती है, नाम से ही मुक्ति होती है, नाम से ही मुक्ति होती है—

कलि काले नाम रूपे कृष्ण अवतार।
नाम हइते सर्व जगत निस्तार।।  (चैतन्यचरितामृत)

जगत भगवान के अधीन है और भगवान नाम के अधीन हैं

एक बार भगवान श्रीकृष्ण भाग रहे थे और माता यशोदा उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रही थीं किन्तु श्रीकृष्ण मां के हाथ नहीं आ रहे थे। मां ने सत्ययुग, त्रेता और द्वापर के भक्तों की कसम दी पर श्रीकृष्ण नहीं ठहरे। फिर मां ने कलियुग के भक्तों की कसम दी तो श्रीकृष्ण ठहर गए। मां ने इसका कारण पूछा तो श्रीकृष्ण ने कहा—‘मुझे कलियुग के भक्त बहुत प्रिय हैं क्योंकि वे नाम के जापक हैं।’ कलियुग में तो नामजापक भक्तों की भरमार है।

कलिसंतरणोपनिषद्

कलि + संतरण + उपनिषद् अर्थात् कलियुग में संसार-समुद्र से तारने वाला ज्ञान। कृष्णयजुर्वेद के कलिसंतरणोपनिषद् के अनुसार द्वापर के अंत में नारदजी ब्रह्माजी के पास जाकर बोले—‘भगवन्!  मैं पृथ्वीलोक में किस प्रकार कलि के दोषों से बच सकता हूँ।’ ब्रह्माजी ने कहा—‘भगवान आदिनारायण के नामों का उच्चारण करने से मनुष्य कलि के दोषों से बच सकता है।’ नारदजी ने पूछा—‘वह कौन-सा नाम है?’

सोलह नाम-बत्तीस अक्षर का तारकब्रह्म महामन्त्र

ब्रह्माजी ने कहा—

हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे।
हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे।। (कलिसंतरणोपनिषद्)

‘ये सोलह नाम कलियुग के पापों का नाश करने वाले हैं। इससे श्रेष्ठ उपाय किसी वेद में भी नहीं मिलता है।’

नारदजी ने पूछा—‘इसके जप की क्या विधि है?’ ब्रह्माजी ने कहा—‘इसके जपने का कोई नियम नहीं है। पवित्र हों या अपवित्र इस महामन्त्र का नियम व प्रेम से जप करने से मनुष्य सालोक्य-सामीप्य-सारूप्य और सायुज्य मुक्ति को प्राप्त करने में समर्थ होता है।’

इसे ‘तारकब्रह्म’ भी कहते हैं क्योंकि यह मन्त्र परब्रह्म का वह रूप है जिसके जपने मात्र से ही मनुष्य संसार-सागर से पार हो जाता है।

यह महामन्त्र समस्त शक्तियों से सम्पन्न है, आधि-व्याधि का नाशक है। इस महामंत्र की दीक्षा में मुहूर्त्त के विचार की आवश्यकता नहीं है। इसके जप में बाह्यपूजा की अनिवार्यता नहीं है। केवल उच्चारण करने मात्र से यह सम्पूर्ण फल देता है।

खात-सोत-बैठत-उठत जपै जो मेरो नाम।
नियत, सपदि सो तरै भव, पावै मेरौ धाम।।

गौड़ीय वैष्णव-सम्प्रदाय में महामन्त्र का स्वरूप

ऐसा माना जाता है कि क्रतुमुनि ने श्रीराधा के पिता वृषभानुजी को इस महामन्त्र का जिस रूप में उपदेश दिया था, वह इस प्रकार है—

हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे।
हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे।।

श्रीराधाभाव में विह्वल रहने वाले श्रीचैतन्य महाप्रभुजी ने वृषभानुजी के सिद्धिप्रद महामन्त्र को अपनाया और संसार में सोलह नाम-बत्तीस अक्षर के तारक महामन्त्र का सर्वत्र प्रचार इस प्रकार किया—

हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे।
हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे।।

श्रीचैतन्य महाप्रभुजी के अनुयायी इस नाममन्त्र में श्रीराधाकृष्ण की युगल नाममाधुरी का रसपान करते हैं। वे ‘राम’ को कृष्णनाम और ‘हरे’ नाम को श्रीराधा के लिए (कृष्ण के मन को हर लेने वाली) के रूप में मानते हैं।

पद्मपुराण में वर्णन आता है कि जो वैष्णव नित्य बत्तीस अक्षरों तथा सोलह नामों वाले महामन्त्र का जप तथा कीर्तन करते हैं, उन्हें श्रीराधाकृष्ण के दिव्यधाम गोलोक की प्राप्ति होती है |

नामजप से प्रारब्ध का नाश

प्रारब्ध का नाश भोगने से ही होता है किन्तु भगवान के नाम में प्रारब्ध का नाश करने की अतुल शक्ति है। तुलसीदासजी ने कहा है—‘मेटत कठिन कुअंक भाल के।’

—संतजनों ने कहा है कि सादा-सात्विक भोजन व संयम के साथ इस महामन्त्र का तीन करोड़ जप करने से मनुष्य के हाथ की रेखाएं बदलने लगती हैं। जन्मपत्री के ग्रह शुद्ध होने लगते हैं। उसके शरीर में कोई भी महारोग नहीं होता है।

—इस महामन्त्र का साढ़े तीन करोड़ बार जप करने से मनुष्य ब्रह्महत्या, चोरी, पितर, देव व मनुष्यों के प्रति किए गए अपराध से मुक्त हो जाता है।

—चार करोड़ जप करने से मनुष्य का धनस्थान शुद्ध हो जाता है और वह कभी दरिद्र नहीं होता है।

—जिसने इस महामन्त्रका पांच करोड़ जप किया है उसके हृदय में ज्ञान प्रकट हो जाता है।

—छह करोड़ जप से साधक के बाह्य व आन्तरिक समस्त शत्रु नष्ट हो जाते हैं।

—सात करोड़ जप करने से आयु की वृद्धि होती है।

—आठ करोड़ जप करने से मनुष्य का मरण सुधरता है। अंत समय में भगवान उस साधक को किसी तीर्थ में बुलाते हैं और वहां वह पवित्र अवस्था में मृत्यु को प्राप्त होता है।

—नौ करोड़ मन्त्रों का जप करने से साधक को स्वप्न में भगवान के दर्शन होते हैं।

—दस, ग्यारह व बारह करोड़ जप करने से संचित, क्रियमाण और प्रारब्ध—तीनों कर्मों का नाश हो जाता है।

—तेरह करोड़ जप करने से भगवान का प्रत्यक्ष साक्षात्कार होता है। समर्थ गुरु रामदास ने गोदावरी के किनारे इस महामन्त्र का तेरह करोड़ जप किया और वहां भगवान राम प्रकट हो गये थे। नासिक में उस स्थान पर ‘काले रामजी का मन्दिर’ है।

नाम-जप से जीवन ही बदल गया

यह सत्यकथा चैतन्य महाप्रभुजी के समय की है। बंगाल के बेनापोल गांव के पास वन में हरिदास नामक के साधक रहते थे। वे प्रतिदिन तीन लाख नाम-जप किया करते थे। वहां का जमींदार रामचन्द्र खां था। उसने हरिदास को तपस्या से भ्रष्ट करने के लिए एक वेश्या को वहां भेजा। हरिदास समझ गए। उनहोंने वेश्या को प्रतीक्षा करने के लिए कहा और सारी रात नाम-जप करते रहे। सुबह होने पर हरिदास ने वेश्या से कहा—‘एक करोड़ नाम-जप एक महीने में करने का मेरा संकल्प है। आज पूरा होने की संभावना है। कल पूरा होते ही तुमसे बात करुंगा।’

दूसरी रात को भी हरिदास नाम-जप में मग्न रहे। तीन दिन तक यही क्रम चलता रहा। हरिदास के पास रहने से वेश्या का मन फिर गया, उसे अपनी भूल समझ में आ गई। प्रायश्चित करके उसने हरिनाम जप की दीक्षा ली। उसके जीवन का आदर्श बदल गया, वेष बदल गया, स्वभाव भी बदल गया, इन्द्रियों का दमन कर वह परम वैष्णव बन गई ।

जनम जनम के खत जो पुराने
नामहि लेत फटे।
नाम लेत भवसिंधु सुखाहीं,
करहु विचार सुजन मन माहीं।।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

शिव नाम महिमा

भगवान् श्रीकृष्ण कहते है ‘महादेव महादेव’ कहनेवाले के पीछे पीछे मै नामश्रवण के लोभ से अत्यन्त डरता हुआ जाता हूं। जो शिव शब्द का उच्चारण करके प्राणों का त्याग करता है, वह कोटि जन्मों के पापों से छूटकर मुक्ति को प्राप्त करता है । शिव शब्द कल्याणवाची है और ‘कल्याण’ शब्द मुक्तिवाचक है, वह मुक्ति भगवन् शंकर से ही प्राप्त होती है, इसलिए वे शिव कहलाते है । धन तथा बान्धवो के नाश हो जानेके कारण शोकसागर मे मग्न हुआ मनुष्य ‘शिव’ शब्द का उच्चारण करके सब प्रकार के कल्याणको प्राप्त करता है । शि का अर्थ है पापोंका नाश करनेवाला और व कहते है मुक्ति देनेवाला। भगवान् शंकर मे ये दोनों गुण है इसीलिये वे शिव कहलाते है । शिव यह मङ्गलमय नाम जिसकी वाणी मे रहता है, उसके करोड़ जन्मों के पाप नष्ट हो जाते है । शि का अर्थ है मङ्गल और व कहते है दाता को, इसलिये जो मङ्गलदाता है वही शिव है । भगवान् शिव विश्वभर के मनुष्योंका सदा ‘शं’ कल्याण करते है और ‘कल्याण’ मोक्ष को कहते है । इसीसे वे शंकर कहलाते है । ब्रह्मादि देवता तथा वेद का उपदेश करनेवाले जो कोई भी संसार मे महान कहलाते हैं उन सब के देव अर्थात् उपास्य होने...

पिशाच भाष्य

पिशाच भाष्य  पिशाच के द्वारा लिखे गए भाष्य को पिशाच भाष्य कहते है , अब यह पिशाच है कौन ? तो यह पिशाच है हनुमानजी तो हनुमानजी कैसे हो गये पिशाच ? जबकि भुत पिशाच निकट नहीं आवे ...तो भीमसेन को जो वरदान दिया था हनुमानजी ने महाभारत के अनुसार और भगवान् राम ही कृष्ण बनकर आए थे तो अर्जुन के ध्वज पर हनुमानजी का चित्र था वहाँ से किलकारी भी मारते थे हनुमानजी कपि ध्वज कहा गया है या नहीं और भगवान् वहां सारथि का काम कर रहे थे तब गीता भगवान् ने सुना दी तो हनुमानजी ने कहा महाराज आपकी कृपा से मैंने भी गीता सुन ली भगवान् ने कहा कहाँ पर बैठकर सुनी तो कहा ऊपर ध्वज पर बैठकर तो वक्ता नीचे श्रोता ऊपर कहा - जा पिशाच हो जा हनुमानजी ने कहा लोग तो मेरा नाम लेकर भुत पिशाच को भगाते है आपने मुझे ही पिशाच होने का शाप दे दिया भगवान् ने कहा - तूने भूल की ऊपर बैठकर गीता सुनी अब इस पर जब तू भाष्य लिखेगा तो पिशाच योनी से मुक्त हो जाएगा तो हमलोगों की परंपरा में जो आठ टिकाए है संस्कृत में उनमे एक पिशाच भाष्य भी है !

श्रीशिव महिम्न: स्तोत्रम्

              __श्रीशिव महिम्न: स्तोत्रम्__ शिव महिम्न: स्तोत्रम शिव भक्तों का एक प्रिय मंत्र है| ४३ क्षन्दो के इस स्तोत्र में शिव के दिव्य स्वरूप एवं उनकी सादगी का वर्णन है| स्तोत्र का सृजन एक अनोखे असाधारण परिपेक्ष में किया गया था तथा शिव को प्रसन्न कर के उनसे क्षमा प्राप्ति की गई थी | कथा कुछ इस प्रकार के है … एक समय में चित्ररथ नाम का राजा था| वो परं शिव भक्त था| उसने एक अद्भुत सुंदर बागा का निर्माण करवाया| जिसमे विभिन्न प्रकार के पुष्प लगे थे| प्रत्येक दिन राजा उन पुष्पों से शिव जी की पूजा करते थे | फिर एक दिन … पुष्पदंत नामक के गन्धर्व उस राजा के उद्यान की तरफ से जा रहा था| उद्यान की सुंदरता ने उसे आकृष्ट कर लिया| मोहित पुष्पदंत ने बाग के पुष्पों को चुरा लिया| अगले दिन चित्ररथ को पूजा हेतु पुष्प प्राप्त नहीं हुए | पर ये तो आरम्भ मात्र था … बाग के सौंदर्य से मुग्ध पुष्पदंत प्रत्यक दिन पुष्प की चोरी करने लगा| इस रहश्य को सुलझाने के राजा के प्रत्येक प्रयास विफल रहे| पुष्पदंत अपने दिव्या शक्तियों के कारण अदृश्य बना रहा | और फिर … राजा च...